प्रदेश सरकार के भगीरथ प्रयासों का किसानों को मिला सीधा लाभ

’टोकन तुंहर हाथ’ एप से अब 24 घंटे ऑनलाइन टोकन काटने की सुविधा
उत्तर बस्तर कांकेर / राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सुदृढ़ व्यवस्था के चलते जिले में धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025- 26 के तहत जिले के 149 धान उपार्जन केंद्रों में बड़ी मात्रा में धान की खरीदी की जा चुकी है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है।
सरकार द्वारा लागू किए गए सरलीकृत टोकन सिस्टम, समय पर केंद्रों का संचालन, पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता और डिजिटल भुगतान व्यवस्था के कारण किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। धान बेचने के बाद किसानों को तय समय-सीमा में भुगतान मिलने से उनकी आर्थिक जरूरतें भी तात्कालिक तौर पर पूरी हो रही हैं। प्रशासन की सतत निगरानी और कर्मचारियों की तत्परता से खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनी हुई है। वहीं कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार चेक पोस्ट स्थापित कर धान के अवैध परिवहन व भंडारण के विरुद्ध सतत कार्रवाई जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गठित टीमों के द्वारा की जा रही है। जिले के किसान सरकार के इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे “किसानों के हित और कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक और प्रभावी पहल” निरूपित कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी कार्य अंतिम तिथि तक इसी सुचारू रूप से जारी रहेगा, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न रहे।