सितली अभियान के लिए भोजपुरी समाज करेगा एक लाख का सहयोग
महासमुंद। अविरल सितली – निर्मल सितली अभियान को आगे बढ़ाते हुए स्वाध्याय केंद्र सभागार में भोजपुरी समाज के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अभियान के क्रियान्व्यन के लिए भोजपुरी समाज से सहयोग प्राप्त करना था। भोजपुरी समाज ने अभियान में पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया और समाज की तरफ से लगभग एक लाख रूपए की सहयोग राशि एकत्र कर देने की घोषणा की और कहा कि यह राशि जल्द ही अभियान समिति को सौंप दी जाएगी। इस अवसर पर घोड़ारी से भाजपा नेता पहलवान रामआसरे यादव ने भी अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि वे दो दिनों के लिए अपनी पोकलेन (बैकहो लोडर जेसीबी मशीन नि:शुल्क रूप से अभियान में सहयोग के लिए प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अभियान की सफलता में योगदान देने हेतु अन्य सभी लोगों से भी धन संग्रह करने की बात कही। बैठक मे उपस्थित पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा ने कहा कि भोजपुरी समाज और शहरवासियों के व्यापक सहयोग से अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान को गति मिलेगी। इस दौरान संजय यादव, संजय शर्मा, अजय यादव, देवेंद्र पांडेय, सुरेंद्र शम सहित भोजपुरी समाज के सदस्यगण उपस्थित थे।
