बाइक, ई रिक्शा को ट्रक ने को मारी ठोकर, दो की मौत

महासमुंद। बसना और तुमगांव थाना अंतर्गत दुर्घटना के अलग-अलग मामले में दो की मौत हो गई। रिपोर्ट पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। बसना पुलिस को जय कुमार पारेश्वर ने बताया कि 4 दिसंबर को तरेकेला निवासी शंभू पारेश्वर (35) रात करीब 8.30 बजे बाइक प्लेटिना क्र. सीजी 06 पीए 3264 से नाचा देखने चेरगाढोड़ा जा रहा था, दुरूगपाली चेरगाढोड़ा मोड़ के पास रात करीब 9 बजे बाइक क्रमांक सीजी 06 जीवी 4793 के चालक ने पीछे से ठोकर मार दिया, जिससे शंभू पारेश्वर को गंभीर चोटें आई। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरूद्ध धारा 106(1) बीएनएस, 184 मो.व्ही. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। वहीं दुर्घटना के दूसरे मामले में फुसेराडीह निवासी रामलाल ध्रुव ने तुमगांव थाने में शिकायत की है कि 8 दिसंबर की सुबह 7 बजे उसे सूचना मिली कि बड़े भाई पूरन लाल ध्रुव का नेशनल हाईवे-53 कोडार काष्ठागार के आगे दुर्घटना हो गई है। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचा तो उनका भाई मृत अवस्था में सड़क पर था। उनका भाई घर से सुबह सब्जी लेने के लिए तुमगांव मंडी अपने ई रिक्शा क्रमांक सीजी 06 एचडी 9021 से जा रहा था कि कोडार काष्ठागार के आगे ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीएम 2500 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाकर ई रिक्शा को ठोकर मार दिया, गंभीर चोट आने से पूरनलाल को तुमगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनकी मृत्यु हो जाना बताया। रिपोर्ट पर आरोपी वाहन चालक के विरूद्ध धारा 184-मोटर व्हीकल एक्ट, 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।