कंपनी कम मानदेय में 14 घंटे ले रहा काम, मजदूर पहुंचे कलेक्टोरेट
मजदूरों ने कंपनी पर लगाया शोषण का आरोप
महासमुंद। जिला मुख्यालय से लगे बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र के फ्लोटेक्स सोलर प्राइवेट कंपनी में कार्यरत मजदूर कंपनी में कार्य करने के समय, पीएफ न मिलने और सुरक्षा इंतजाम न होने की शिकायत को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी द्वारा लगातार शोषण किया जा रहा है। तत्संबंध में कंपनी के मैनेजर से कई बार बात की पर वह कुछ सुनने को तैयार नहीं हैं।
कलेक्टोरेट पहुंचे मजदूर चंचल वानी, गायत्री बंजारे, प्रमीन साहू, अनीता तांडी, रूपकुमारी बघेल, जागेश्वर यादव, सागर टंडन, ठाकुरराम, दुष्यंत कुर्रे, भेखलाल, मनहरण बघेल ने बताया कि फ्लोटेक्स सोलर प्राइवेट कंपनी में कम से कम 300 – 400 मजदूर काम करते हैं जिनमें 35 – 40 महिलाएं हैं। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी में मजदूर सुरक्षा संबंधी कोई इंतजाम नहीं है और तो और हाई टेम्प्रेचर में काम कराते हैं, अगर किसी के साथ कोई दुर्घटना भी होती है तो हॉस्पिटल भी नहीं भेजते। कंपनी में मजदूर ठेकेदार मजदूरों से मारपीट और गाली-गलौज करते हैं। मजदूरों ने बताया कि हमें 8 घंटे बोल कर 14 घंटे काम लिया जाता है, जिसके बदले 14 हजार रुपए मजदूरी दी जाती है और पीएफ भी नहीं काटते। श्रम विभाग में शिकायत करने की बात कहते हैं तो कहा जाता है कि जहां शिकायत करनी हो कर दो, कोई फर्क नहीं पड़ता। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के मैनेजर अभद्र व्यवहार करते हैं। मजदूरों ने बताया कि उपरोक्त मांगों को लेकर रविवार से काम बंद कर एक दिवसीय धरना कंपनी के गेट पर दिए और कंपनी के मैनेजर से बात करनी चाही पर उन्होंने चर्चा नहीं की। बाद आज हम कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे हैं।
