सरपंच-ग्रामीणों ने किया संविधान की उद्देशिका का वाचन, जल संरक्षण की शपथ

कोरिया 26 नवम्बर 2025। हम भारत के लोग, यह संदेश आज अमृत सरोवर तटों पर पूरे उल्लास के साथ पढ़ा गया। संविधान दिवस के अवसर पर राज्य कार्यालय से प्राप्त संदेश के तारतम्य में आज कोरिया जिले के सभी 54 अमृत सरोवर तटों पर संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भागीदारी करते हुए अलग अलग गतिविधियों में हिस्सा लिया। संविधान दिवस के अवसर पर सरोवर तटों पर उपस्थित ग्रामीणों के साथ ग्राम पंचायत सरपंचों ने संविधान की उददेशिका का वाचन किया। इस अवसर पर सभी जगहों पर बड़ी संख्या में आम नागरिक, पंजीकृत मनरेगा श्रमिकों के साथ स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को आधार प्रदान करने और उसे आज तक संरक्षित करने का काम देश का संविधान करता है। यह एक लिखित दस्तावेज ना होकर हमारे भारत देश की आत्मा कहा जा सकता है। आज के ही अत्यंत महत्वपूर्ण दिन 26 नवम्बर सन 1949 में आजाद भारत ने अपने नए संविधान को अपनाया था।