संविधान, हमारी स्वतंत्रता, समानता व संकल्प का आधार-कलेक्टर
कोरिया 26 नवम्बर 2025। जिला पंचायत सभाकक्ष में बुधवार को संविधान दिवस का जिला स्तरीय समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी मौजूद रहीं। समारोह की शुरुआत कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी द्वारा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराते हुए हुई। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और एक-एक नागरिक की सुरक्षा की ढाल है। अध्यक्ष मोहित पैकरा ने अपने संबोधन में कहा संविधान ने ही हमें अधिकार दिए, अवसर दिए, और उसी ने हमारे जीवन को सरल व सुरक्षित बनाया है। समानता, स्वतंत्रता और न्याय की जो रोशनी आज हर घर तक पहुंची है, वह संविधान के कारण ही संभव हो पाया है। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि संविधान हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली को दिशा और स्थिरता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें याद दिलाता है कि प्रत्येक शासकीय सेवक का कर्त्तव्य है कि वह संविधान के प्रति निष्ठावान रहकर ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करे। सभापति श्रीमती सौभाग्यवती खुसरो ने कहा कि संविधान बनाने वालों ने अपने जीवन का संपूर्ण ज्ञान इस महान रचना में समर्पित किया। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि संविधान ने सभी वर्गों को आगे बढ़ने का अधिकार दिया है। श्रीमती संगीता सोनवानी और श्रीमती शिवकुमारी सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रहित में कर्त्तव्यों के पालन पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिले के अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह संविधान के मूल्यों के प्रति नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए विश्वास के साथ संपन्न हुआ।
