अमीन भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर को, आब्जर्वर व उड़नदस्ता दल तैनात

कोरिया 26 नवम्बर 2025। व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) द्वारा आयोजित अमीन भर्ती परीक्षा आगामी 07 दिसंबर 2025, रविवार को दोपहर 12ः00 से 02ः15 बजे तक कोरिया जिले में भी आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है।
विगत दिनों कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने नोडल अधिकारियों, केंद्राध्यक्षों व परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों की बैठक लेकर व्यापम के दिशा-निर्देशों के तहत कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। गोपनीय सामग्री की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी।उड़नदस्ता दल सतत निगरानी रखेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिले की शुचिता और सुरक्षा सर्वाेपरि है तथा सभी अधिकारी समयबद्ध तरीके से अपना दायित्व निभाएं।