वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ, प्रधानमंत्री ने दिया राष्ट्र के नाम संदेश, कलेक्टर व अधिकारी-कर्मचारी ने किया सामूहिक गायन

मोहला 7 नवंबर 2025। शासन के निर्देशानुसार वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले में उत्साह और उमंग के साथ वंदे मातरम् सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय मोहला कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं सभी अधिकारी-कर्मचारी ने वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इसी प्रकार जिले के सभी शासकीय महाविद्यालय, स्कूल, संस्थान एवं कार्यालयों में भी सामूहिक गायन आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर प्रातः: 10 बजे से सीधा प्रसारण किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम् एक शब्द नहीं, यह एक मंत्र है, जो ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक है। यह शब्द हमें हमारे गौरवशाली इतिहास से जोड़ता है, वर्तमान को आत्मविश्वास से भरता है और भविष्य को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का सामूहिक गायन अद्भुत अनुभव प्रदान करता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर स्मारक सिक्का, डाक टिकट तथा वंदे मातरम् पोर्टल का भी शुभारंभ किया। केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आज पूरे देश में एकता और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बन गया है। यह गीत छोटी-छोटी घटनाओं से जन्म लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रभक्ति और चेतना का स्रोत बना। आज भी यही एकता भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मूल मंत्र है।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर यह महाअभियान चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में 7 से 14 नवम्बर 2025 तक, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026 तक, तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान के साथ, चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक इस दौरान जिले के सभी ग्रामीण, शहरी और शैक्षणिक संस्थान, कार्यालय एवं सामाजिक संगठन सामूहिक गायन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगें।