सरदार पटेल जयंती पर संसदीय क्षेत्र में 3 दिवसीय पदयात्रा

6 को महासमुंद, 7 को गरियाबंद और 8 को धमतरी में होगा आयोजन
महासमुंद। केंद्र की मोदी सरकार ने भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर एकता व सद्भावना पदयात्रा करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर कम से कम 3 दिवसीय पदयात्रा की रूपरेखा बनाई गई है। यात्रा का उदेश्य आत्मनिर्भता से विकसित भारत नशामुक्त भारत सरदार बल्लभ भाई पटेल व उनके जीवन व योगदान के बारे जानकारी साथ ही साथ स्कूल मे निबंध प्रतियोगिता व अन्य आयोजन करना है। महासमुंद लोकसभा में यह आयोजन 6 से 8 नवंबर को संपन्न होगा। कार्यक्रम की संयोजक सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि आजादी के बाद बनी भारत की अंतरिम सरकार में उप प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री के रूप में सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश के अलग क्षेत्रों की 562 से अधिक रियासतों का भारत संघ में विलय कराकर देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। वास्तव में सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं। उनकी 150 वीं जयंती पर केंद्र की मोदी सरकार ने 31 अक्टूबर से 25 नवंबर के बीच देश भर में एकता और सद्भावना पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया है। यात्रा के दौरान प्रमुख नगरों और कस्बों में सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। उसके पश्चात प्रत्येक जिले से 5 युवाओं का चयन कर रोड यात्रा के अंतर्गत दिल्ली, नागपुर, मुंबई, जयपुर भेजा जाएगा। वहां से इन युवाओं की टोली सरदार पटेल की जन्मस्थली बसों द्वारा करमसद (गुजरात) पहुंचेगी। करमसद से केवड़िया तक लगभग 150 किमी की राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से प्रारंभ होकर 6 दिसंबर तक केवड़िया पहुंचेगी जहां नर्मदा नदी के किनारे सरदार सरोवर बांध पर सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची स्टेच्यू ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ बनी है। पदयात्रा का आयोजन प्रशासन द्वारा किया जाएगा। जिसमें सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। भारतीय जनता पार्टी भी इस यात्रा में अपनी सक्रिय सहभागिता देगी। पार्टी ने इसके लिए अलग-अलग स्तर पर समितियों का गठन भी किया है। केंद्रीय समिति (लोकसभा स्तरीय) की संयोजक सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी। सह संयोजक महासमुंद जिलाध्यक्ष येतराम साहू होंगे। समिति में सांसद, जिलाध्यक्ष, जिलों के विधायक, जिला पंचायतों के अध्यक्ष, निगम मंडल आयोग के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिलों के महामंत्री, महापौर, सभापति, नगर पालिका व पंचायतों के अध्यक्ष, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष के साथ साथ विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए भी प्रभारी बनाए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से लोकसभा स्तर पर मीडिया प्रभारी कविंद्र जैन, सोशल मीडिया प्रभारी नवीन साहू, चिकित्सा प्रबंधन डॉ. विमल चोपड़ा, प्रचार सामग्री प्रदीप चंद्राकर, यातायात प्रबंधन राहुल चंद्राकर व स्वच्छता प्रभारी हनी गंभीर तथा राजू साहू होंगे। मीडिया प्रभारी कविंद्र जैन ने बताया कि पदयात्रा की शुरूआत 6 नवंबर को महासमुंद के ग्राम बेलसोंडा से होगी। पदयात्रा शुभारंभ के अतिथि विधायक संपत अग्रवाल, चंद्रहास चंद्राकर, शंकर अग्रवाल व श्रीमती मोंगरा पटेल होंगे। यात्रा शहीद स्मारक होते हुए लोहिया चौक पहुंचेगी। लोहिया चौक में दोपहर 3 बजे एक विशाल सभा के साथ यात्रा का समापन होगा। सभा को संबोधित करने मुख्य वक्ता प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल पूर्व मंत्री व कुरूद के विधायक अजय चंद्राकर होंगे। उनके साथ महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा व डॉ. विमल चोपड़ा भी वक्ता के रूप में सभा को संबोधित करेंगे। इसी प्रकार 7 नवंबर को गरियाबंद व 8 नवंबर को धमतरी में पदयात्रा संपन्न होगी।