रजत जयंती वर्ष में राहत देने कैशलेस चिकित्सा सेवा लागू करने की मांग

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25वें वर्ष रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों उनके आश्रित परिवार और पेंशनर्स ने राज्य शासन से कैशलेस चिकित्सा सेवा लागू करने की मांग की है। यह मांग छत्तीसगढ़ कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से की गई, जिसकी अगुवाई संघ की प्रदेश अध्यक्ष उषा चंद्राकर ने की। चंद्राकर ने कहा, कि छत्तीसगढ़ राज्य ने 25 वर्षों में विकास के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, किंतु कर्मचारियों की चिकित्सा सुरक्षा अब भी अधूरी है। कैशलेस चिकित्सा सेवा लागू होने से कर्मचारी वर्ग को तत्काल चिकित्सा राहत मिलेगी और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और समर्पण और अधिक सुदृढ़ होगा। रजत जयंती वर्ष कर्मचारी कल्याण के ऐतिहासिक निर्णय का वर्ष बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया अत्यंत जटिल और समयसाध्य है। गंभीर बीमारियों की स्थिति में कर्मचारियों को पहले स्वयं व्यय वहन करना पड़ता है और महीनों बाद प्रतिपूर्ति प्राप्त होती है। यह स्थिति आर्थिक व मानसिक रूप से कर्मचारियों के लिए अत्यंत कठिन है। यदि शासन इस दिशा में पहल करता है, तो यह कदम नए छत्तीसगढ़ स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से मांग की है, कि रजत जयंती वर्ष को यादगार और कल्याणकारी बनाते हुए कैशलेस हेल्थ कार्ड योजना को तत्काल लागू किया जाए, जिससे राज्य के लाखों कर्मचारियों, उनके आश्रित परिवार और पेंशनर्स को सच्चे अर्थों में स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।