सरकार धान खरीदी के लिए स्पष्ट जवाबदारी तय करें : जयप्रकाश
महासमुंद। इस बार भी खरीफ फसल धान का समर्थन मू्ल्य पर खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने वाली है। लेकिन समर्थन मूल्य धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले ही सहकारी समितियों में कार्यरत कर्मचारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, सेल्समेन, लिपिक, चपरासी, चौकीदार एवं आॅपरेटरों ने चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। यदि, ऐसा होता है तो एक बार फिर धान खरीदी प्रभावित हो सकती है। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने बताया कि खरीफ वर्ष 2025-26 हेतु धान खरीदी की तिथि 15 नवंबर तय है। लेकिन, सरकार के एक आदेश के अनुसार सरकारी अधिकारी को खरीद केंद्रों में प्रभारी बनाने की बात कही जा रही है, जो न्यायोचित नहीं है, जिसे लेकर संघ में असंतोष व्याप्त है। संघ का मानना है कि सरकार धान खरीदी के लिए स्पष्ट जवाबदारी तय करें। जिससे पता चले कि धान खरीदी के दौरान आने वाली समस्याओं के लिए जवाबदेह कौन होगा? धान खरीदी से लेकर धान उठाव तक की जिम्मेदारी कौन लेगा? समिति के लिए यह प्रश्नचिन्ह है। प्रदेश संघ ने दीपावली निकलते ही चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। संघ के मुताबिक यदि उनकी बातें नहीं सुनी गई तो धान खरीदी प्रभावित हो सकती है।
