अधिकार मित्रों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला
महासमुंद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लीगल एड क्लीनिकों, आरक्षी केंद्रों में पदस्थ सभी अधिकार मित्रों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रबंध कार्यालय महासमुंद के अधिकार मित्र हरिचंद साहू ने बताया कि अधिकार मित्रों का मानक संचालन प्रक्रियाएं एसओपी के संबंध में न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आफरीन बानो द्वारा प्रशिक्षित किया गया। जिला जेल में स्थापित लीगड एड क्लीनिक के जेल विजिटर लायर द्वारा उपस्थित अधिकार मित्रों को अभिरक्षाधीन बंदी तथा बंदी के परिवारजनों को दी जाने वाली विधिक सलाह एवं सहायता तथा जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से दी जाने वाली सहायता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसी प्रकार प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आफरीन बानो ने कहा कि नालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के योजनानुसार न्याय से कोई वंचित ना हो, न्याय हर घर तक पहुंचे तथा न्याय जागरूकता, समाज के कमजोर वर्गों को कानूनी जानकारी अथवा उन्हे सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों से संबंधित चलाए जा रहे विधिक जागरूकता कार्यक्रमों, नालसा हेल्प लाईन एवं नालसा पोर्टल लीगल सर्विस मैनेजमेंट सिस्टम पर आवेदन के माध्यम से दी जाने वाली विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई, जो विभिन्न थीम पर अधारित जागरूकता योजनाओं से संबंधित है जिसका क्रियान्वयन सुचारू रूप से किया जाए। इस संबंध में अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
