शिशु मृत्यु दर में कमी लाने स्टॉप डायरिया कैंपेन का शुभारंभ

महासमुंद। जिले में 0 से 5 वर्ष के बच्चों में डायरिया से होने वाली मृत्यु को रोकने एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से स्टॉप डायरिया कैंपेन 2025 का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महासमुंद से किया गया। यह विशेष अभियान 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में डायरिया की रोकथाम के लिए व्यापक जन जागरुकता एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करना है। इस अभियान के अंतर्गत 0-5 वर्ष तक के बच्चों वाले घरों की सूची तैयार कर मितानिनों द्वारा घर-घर भ्रमण किया जाएगा। प्रत्येक घर में एक ओआरएस पैकेट वितरित किया जाएगा, वहीं डायरिया प्रभावित परिवारों को 2 ओआरएस पैकेट एवं 14 जिंक की गोलियां प्रदान की जाएंगी। भ्रमण के दौरान मितानिनें ओआरएस घोल बनाने की विधि, हाथ धोने की सही प्रक्रिया एवं जिंक के सही उपयोग की जानकारी भी देंगी।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर मानिटरिंग टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें स्वास्थ्य संस्थानों, स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों में भ्रमण कर जागरुकता गतिविधियों का निरीक्षण करेंगी। साथ ही आरबीएसके दलों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरुकता कार्य किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी कुदेशिया ने आमजन से अपील की है कि वे अपने 0-5 वर्ष के बच्चों के साथ नजदीकी स्कूलों या आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर ओआरएस घोल बनाने, हाथ धुलाई की तकनीक और जिंक की उपयोग विधि संबंधी जानकारी प्राप्त करें और इन उपायों को दैनिक जीवन में अपनाएं, जिससे डायरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।

इन्हें भी पढ़े