नगर विकास के लिए 50 करोड़ की मांग, केंद्रीय राज्यमंत्री को सौंपा पत्र

महासमुंद। आवास एवं शहरी विकास केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के ओडिशा प्रवास से वापसी पर महासमुंद रेलवे स्टेशन में भाजपा नेताओं ने पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी के नेतृत्व में स्वागत किया । साथ ही शहर के विकास पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने लगभग 50 करोड़ रूपए का मांग पत्र भी सौंपा। इसमें प्रमुख रूप से पिटियाझर -मौहारीभाठा तक मृत नहर लिंक रोड निर्माण (3200 लाख रुपए) ,नवीन एवं आधुनिक बस स्टैंड खैरा में निर्माण के लिए 650 लाख रुपए, संजय कानन में सौंदर्यीकरण, उन्नयन एवं स्वीमिंग पुल निर्माण के लिए 500 लाख रुपए, शहर के हृदय स्थल नेहरू चैक के ट्रैफिक सिग्नल के चारों रास्ते में शेड निर्माण लाइटिंग के लिए 100 लाख रुपए, ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ व्यावसायिक कांप्लेक्स व सौंदर्यीकरण के लिए 200 लाख रुपए एवं तालाबों का संरक्षण, सौंदर्यीकरण, पचरी निर्माण के लिए राशि की मांग की गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास के नियमों में गरीब जनता के लिए शिथिलता बरतने मांग की गई । संयुक्त स्वामी के जमीन पर सहमति देने पर आवास की अनुमति दी जाए, भूमिहीन परिवारों के लिए शासकीय भूमि में मल्टी स्टोरी आवास बनाया जाए। नगरीय क्षेत्रों में कालोनाइजर से प्राप्त डब्ल्यूईएस की जमीन पर प्रधानमंत्री आवास मल्टी स्टोरी में बनाकर तालाब किनारे, रेलवे किनारे बसे लागों को बसाया जाए। शासकीय जमीन में वर्षों से निवासरत गरीब मध्यम वर्गीय परिवारों को नजूल पट्टा जारी कर आवास योजना का लाभ दिया जाए। इसी तरह शहरी आजीविका मिशन में वर्षों से कार्यरत महिला संगठकों का नियमितीकरण व वेतन वृद्धि की जाए। वर्तमान में आजीविका मिशन योजना 1 अप्रैल से बंद कर दिया गया, उसे पुन: चालू कराया जाए। केंद्रीय राज्यमंत्री साहू ने आश्वास्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक ध्यान देकर शहर का विकास कराया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े