नपाध्यक्ष ने संजय कानन के सामने से चखना ठेला हटाने दिए निर्देश
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष ने संजय कानन के समीप संचालित चखना सेंटरों को हटाने के निर्देश दिए हैं। संजय कानन पहुंचने वाले शहरवासी परिवार और महिलाओं की ओर से यहां पर बिगड़ते माहौल के चलते नपाध्यक्ष साहू से चखना सेंटरों को हटाने की मांग की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नपाध्यक्ष ने रविवार देर शाम उद्यान का औचक निरीक्षण किया। जहां उद्यान के प्रवेश द्वार पर ही अनेक चखना ठेला संचालित हो रहे थे। वहीं शराबियों का जमघट भी लग था। शराबियों के कारण उद्यान आने वाले नागरिक काफी असहज व भयभीत महसूस कर रहे थे। उन्होंने चखना ठेला संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए तत्काल ठेला हटाने कहा। साहू ने कहा कि समझाइश के बाद भी चखना ठेला लगाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। नपाध्यक्ष की समझाइश पर ठेला संचालकों ने चखना दुकान अन्यत्र लगाने हामी भरी।
