आरटीई : पहले चरण में 1453 छात्र-छात्राओं का चयन

794 आवेदन निरस्त, 983 आवेदन वेटिंग में
महासमुंद। राइट टू एजुकेशन (आरटीई) के तहत शैक्षणिक सत्र 2025 – 26 में निजी स्कूलों में बीपीएल बच्चों के प्रवेश के लिए सोमवार को लॉटरी के माध्यम से प्रथम चरण में 1453 छात्र- छात्राओं का चयन किया गया है। अब 30 मई तक उक्त विद्यार्थियों को आवंटित स्कूलों में दाखिला देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वर्तमान शिक्षण सत्र के लिए आरटीई में प्रवेश के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने 25 नवंबर को ही शेड्यूल जारी कर दिया था। समय सारिणी के अनुसार प्रथम चरण में बच्चों के आवेदन के पूर्व 217 स्कूलों का पंजीयन किया गया। स्कूलों का पंजीयन होने के साथ ही प्रोफाइल अपडेट, हैबिटेशन की मैपिंग एवं दर्ज संख्या की प्रविष्टि की गई। पश्चात एक मार्च से आनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया शरू हुई। प्रथम चरण में आवेदन लेने की प्रक्रिया 31 मार्च तक चली। जानकारी के अनुसार प्रथम चरण के लिए कुल 1712 सीटों के लिए 3230 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदन पश्चात नोडल अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन पश्चात सोमवार को लाटरी निकाली गयी जिसमें कुल 1712 सीटों के लिए 1453 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ। आरटीआई प्रभारी देवेश चंद्राकर ने बताया कि कुल प्राप्त 3230 आवेदन में से 794 आवेदन अलग- अलग कारणों से निरस्त किए गए और शेष 983 आवेदन वेटिंग में रखे गए हैं। जिन बच्चों का लॉटरी में चयन हुआ है उनका दाखिला 30 मई तक आवंटित स्कूलों में किया जाना है।
दूसरे चरण के लिए 20 जून से आवेदन
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 2 से 16 जून के मध्य नए स्कूलों का पंजीयन व अन्य प्रक्रिया पूर्ण होगी और आनलाइन नए आवेदन 20 जून से 30 जून के बीच , दस्तावेजों की जांच 1 जुलाई से 8 जुलाई के बीच और नए तथा शेष बचे ( प्रथम चरण में प्राप्त) 14 से 15 जुलाई के बीच लॉटरी निकाली जाएगी व 18 जुलाई से 31 जुलाई के बीच स्कूलों में दाखिला दिया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े