सचिवों की हड़ताल जारी, पंचायतों के काम ठप
महासमुंद। शासकीयकरण की मांग को लेकर पंचायत सचिव आज 22वें दिन भी पटवारी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। सोमवार को उन्होंने अपनी मांग को लेकर जिला स्तरीय रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। बता दें कि जिला स्तरीय इस रैली में जिले के 545 ग्राम पंचायतों के सचिवों ने भाग लिया। धरना स्थल से हड़ताली सचिवों ने रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। सचिवों ने ज्ञापन में बताया कि पिछले 20 दिनों से वे शहर के पटवारी दफ्तर के समक्ष हड़ताल कर रहे हैं। लेकिन, प्रशासन की ओर से कोई भी उनकी मांगें और विचार पूछने धरना स्थल पर नहीं पहुँचा। फलस्वरूप उन्होंने आंदोलन को बढ़ाते हुए उग्र किया है। इधर, हड़ताल की वजह से पिछले 22 दिनों में पंचायतों का काम ठप है। प्रशासन ने ग्रामों में करारोपण अधिकारियों को ड्यूटी के लिए आदेशित किया था। लेकिन, करारोपण अधिकारियों ने प्रभार लेने से इंकार कर दिया। हड़ताल से ग्रामों में पेयजल, राशन कार्ड, निराश्रित कार्य, निर्माण कार्य सहित अनेक काम प्रभावित हो रहे हैं।
