56 हजार की चोरी, आरोपी से 6 हजार रुपए का सामान बरामद
महासमुंद। एक दिन पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 6 हजार रुपए का सामान ही जब्त कर पाएं हैं, जबकि आरोपी ने 56 हजार की चोरी को अंजाम दिया था। एक ही दिन में आरोपी ने नकदी कहां खर्च कर दी इसकी जानकारी पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है। बता दें कि नगर के महामाया पारा निवासी एक सब्जी व्यवसायी के घर से सोने-चांदी के आभूषण व नकद सहित करीब 56 हजार रुपए की चोरी हुई। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी 26 मार्च की सुबह करीब 4.30 बजे सब्जी मार्केट चला गया था और उनकी पत्नी पायल चंद्राकर दोनों बच्चों को साथ लेकर घर का दरवाजा बंद कर सड़क की ओर घूमने चली गयी। घूमकर लौटे तो दरवाजा की संकली खुली हुई थी और आलमारी से एक जोड़ी सोने का झुमका 12 ग्राम (कीमत 30 हजार रुपए), एक चांदी की करधन वजनी 300 ग्राम (कीमत 10 हजार रुपए), एक जोड़ी चांदी की पायल वजनी 42 ग्राम (कीमत 3 हजार रुपए), तीन जोड़ी चांदी की बिछिया (कीमत 1000 रुपए), एक जोड़ी चांदी का चूड़ा (कीमत 1000 रुपए), नगदी रकम लगभग 6000 रुपए और बिस्तर में रखा एक मोबाइल कीमत 5 हजार रुपए कुल 56 हजार रुपए के सामान की चोरी हो गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम ने कृषि मंडी में घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम निवासी खाल्हेपारा वार्ड 24 सुभाष नगर महासमुंद निवासी नोहर ध्रुव (32) बताया। उससे एक नग चांदी का करधन, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की बिछिया, एक नग मोबाईल एवं नगदी रकम 175 रुपए जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
