ओवर ब्रिज के अंतिम छोर पर अक्सर बन जाती है जाम की स्थिति

डेढ़ साल से अंबेडकर चौक का सिग्नल खराब
महासमुंद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए तीन मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया था, लेकिन पिछले करीब डेढ़ साल से अंबेडकर चौक का सिग्नल खराब होकर अब शो-पीस बन गया है। जिससे ओवर ब्रिज के अंतिम छोर पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
बता दें कि शहर से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग के दोहरीकरण के बाद यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन चलाने व उन्हें कंट्रोल करने के लिए लगभग तीन साल पहले शहर के मुख्य चौक अंबेडकर चौक, कांग्रेस चौक और बरोंडा चौक में ट्रैफिक कंट्रोल सिग्नल लगाए गए थे, जो सुचारू रूप से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल कर रहे थे। लेकिन करीब डेढ साल पहले अंबेडकर चौक का ट्रैफिक सिग्नल बंद हो गया, जिसे आज तक सुधारा नहीं गया है। मालूम हो कि इस तिराहे पर स्थित बस स्टेंड से बागबाहरा की ओर जाने वाली बसों का आना-जाना लगा रहता है साथ ही भारी वाहनों का भी आवगमन होता है। सिग्नल बंद होने से ओवर ब्रिज के मुहाने पर यातायात हमेशा अव्यवस्थित होता है, दुर्घटना का डर बना रहता है और वाहनों का जाम लग जाता है। खासकर, सुबह-शाम जब मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होता है। बावजूद यातायात विभाग और पालिका का इस ओर ध्यान नहीं है।
ओव्हर ब्रिज मुहाने पर मालवाहकों और सब्जी व्यावसायियों का कब्जा
मालूम हो कि ओव्हर ब्रिज बनने से जहाँ शहर से तुमगांव आने-जाने वालों को सहूलियत हुई है, वहीं शहर की ओर ओवर ब्रिज के मुहाने पर मालवाहकों ने कब्जा जमाते हुए अघोषित वाहन स्टैंड बना लिया है जिससे तुमगांव की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को जिन्हें रायपुर की ओर जाना होता है उन्हें परेशानी होती है। यही नहीं, करीब पांच महीने से यहाँ सब्जी व्यावसाय भी शुरू हो गया है जो बढ़ता ही जा रहा है। जिससे यहाँ वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और यह कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
यातायात डीएसपी सतेन्द्र ध्रुव का कहना है ब्रिज के पास से वाहन और सब्जी दुकानों को भी हटाया जाएगा
अंबेडकर चौक पर लगाया गया ट्रैफिक सिग्नल नियमों के विपरीत लगाया गया था। इस सिग्नल की अधिक आवश्यकता ओव्हर ब्रिज के मुहाने पर है। जिससे बस स्टेंड से ओवर ब्रिज के आगे बैंक तक ट्रैफिक कंट्रोल सुचारू रूप से हो सकेगा, इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। अनुमति मिलते ही अंबेडकर चौक के सिग्नल ओवर ब्रिज के पास लगाया जाएगा। वहीं ओव्हर ब्रिज के पास से वाहन और सब्जी दुकानों को भी हटाया जाएगा।