महिलाओं के प्रति भेदभाव न करें : डॉ. एकता लंगेह

ग्राम पंचायत अमलोर में महिला दिवस कार्यक्रम
महासमुंद। ग्राम पंचायत अमलोर में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत रामायण के सुमधुर भजन से किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली डॉ. एकता लंगेह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति को बढ़ावा देना था। डॉ. एकता लंगेह ने कहा महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के मासिक धर्म के समय गंदा कपड़ा उपयोग करने के कारण होने वाली बीमारी के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। साथ ही एक परिवार में सुरक्षित माहौल बनाने के लिए जोर डाला गया ताकि एक किशोरी मासिक धर्म के पीड़ा को अपने पिता या भाई को भी आसानी से बता सकें और डॉक्टरी इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि यह एक शारीरिक प्रकिया है, जिसमें भेदभाव नहीं करना चाहिए साथ ही साथ हमें अपने आसपास लोगों को भी मासिक धर्म के प्रति फैली भ्रांति से जागरूक करना चाहिए और मासिक धर्म के समय सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए। डॉ लगेंह ने समानता के साथ रहने के लिए महिलाओं और पुरुषों को समन्वय बनाकर चलने कहा। इस दौरान किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को डॉ लंगेह ने सैनिटरी पैड का वितरण किया। ग्रामीण महिला-पुरुषों को नशे से दूर रहने शपथ दिलाई गई।
छत्तीसगढ़ जन जागरण सेवा संस्थान के सचिव आत्माराम मारकंडे ने महिला हिंसा के प्रति जागरूक किया। संस्था के द्वारा सम्मान पत्र दिया गया। मितानिन दीदी हेमलता सेन ने भी संबोधित किया। अंत में सभी महिलाओं का श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया और पुराने जनप्रतिनिधियों की विदाई शॉल और श्रीफल भेंट कर किया गया। वहीं कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि चंद्राकर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं। जनपद सदस्य श्रुति ध्रुव ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया, इस कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम पंचायत अमलोर की रूपा यादव, जनपद सदस्य रूपकुमारी ध्रुव, जनपद सदस्य दशरी ध्रुव, अरुण चंद्राकर, मोहत ध्रुव मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। मंच का संचालन ग्राम पंचायत सचिव व आभार व्यक्त सरपंच ने किया।