रेलवे स्टेशन में अधेड़ से 3.15 लाख का गांजा जब्त
महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति के पास से 3.15 लाख रुपए का 21 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोमाखान रेलवे स्टेशन में ट्रेन का इंतजार में बैठा संदेही ने अपना नाम मोटेर खलिहाभांठा थाना कलमपुर जिला कालाहांडी (ओडिशा) निवासी आनंद कुमार सिंह (47) बताया। गांजा के संबंध में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव मोटेर खलियाभांठा के पहाड़ से थोड़ा-थोड़ा गांजा इकट्ठा कर भिलाई नगर (दुर्ग) छग में रहने वाले अपने गांव के मोटरे खलियाभांठा थाना कलमपुर जिला कालाहांडी निवासी नावा तांडी (55) के पास लेकर जा रहा था।
आरोपी ने बताया कि नावा तांडी छग में चुनाव के चलते आचार संहिता लगने के बाद गांव आया था, तथा मुझसे संपर्क कर गांजा लाने के लिए नगद 20 हजार रुपए दिया था तथा बाकी पैसा गांजा को भिलाई लाने के बाद देने की बात कही थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 किलो गांजा (कीमत 3.15 लाख रुपए) जब्त किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
