वैन में लगी आग, जान बचाने कूदे चार घायल
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के केरामुंडा के पहले चलती कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जान बचाने दरवाजा -खिड़की तोड़कर बाहर छलांग लगाने से कार में सवार सभी चार घायल हो गए। वहीं वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घायलों का बरोली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया। बाद बसना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया । जानकारी के अनुसार सलपपानी से केरामुड़ा ओमनी मारुति वैन से वोट डालने जा रहे एक ही परिवार के चार इच्छाराम (45), विष्णु राम (12), उजली बाई इच्छाराम, बुधवारा बाई (65) जा रहे थे। केरामुंडा मतदान केंद्र से करीब 100 मीटर पहले वैन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से जान बचाने कार का दरवाजा तोड़कर छलांग लगाई। चोट के कारण सभी घायल हो गए। सूचना मिलते ही चुनाव ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य संयोजक शशि भूषण प्रधान एंबुलेंस लेकर घटना स्थल केरामुंडा पहुंचे। वहां से चारों को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरोली ले जाया गया। जहां सभी का उपचार किया गया। चार लोगों में से दो को ज्यादा चोटें आई है। जबकि, दो घटना से सदमे में थे। बाद में उपचार के बाद उन्हें भी छुट्टी दे दी गई।
