नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी पहली प्राथमिकता : नपाध्यक्ष
शपथ ग्रहण के पूर्व ही नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष साहू कर रहे समस्याओं का समाधान
महासमुंद। शपथ ग्रहण के पूर्व ही नगर की मूलभूत सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू वार्डों में पहुंचे। इस दौरान वार्ड 3 और 4 के मध्य अयोध्या नगर में नाली से गंदे पानी के मुख्य मार्ग में बहने की समस्या को देखते हुए विभाग प्रभारी को तत्काल निर्देशित किया व कर्मचारी बुलाकर पानी निकासी के लिए समुचित व्यवस्था बनाई।
साहू ने कहा कि उनके कार्यकाल में नियमित सफाई, बिजली, जलापूर्ति तथा नागरिकों की सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जाएगा। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। शहर के किसी भी वार्ड में कोई समस्या सामने आती है तो नगरवासी अवगत करा सकते हैं, जिसका तत्काल समाधान किया जाएगा। वार्ड 3-4 में नाली से जल निकासी कराते समय दोनों वार्ड के पार्षद सुनैना पप्पू ठाकुर, राहुल आवड़े भी उपस्थित रहे।
