घृत की यशोधरा से हुई पूणार्हुति, श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ

बम्हनेश्वर नाथ का हुआ आभिषेक
महासमुंद। बम्हनेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण बम्हनी में मां सावित्री देवी के नवनिर्मित मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का समापन यज्ञ नारायण भगवान में घृत की यशोधरा अर्पण कर पूणार्हुति के साथ हुई। यज्ञ स्थल पर इस दौरान लगातार ग्राम बम्हनी व आसपास के ग्रामीण लगातार आते रहे और भगवान यज्ञ नारायण की परिक्रमा करते रहे। संपूर्ण विधान यज्ञाचार्य पं. पंकज तिवारी ने पुरोहितों दिनेश चौबे, रिकेस दुबे, मासूम पांडे आदि के साथ पूर्ण कराया। पंचवटी परिवार की कुलदेवी मां सावित्री देवी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मुख्य यजमान अमिनेश अग्रवाल, उप यजमान राजेश अग्रवाल, सह यजमान अमिताभ अग्रवाल, ब्रजेश अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल ने पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच पुष्पों से देवी का सहस्त्रार्चन वंदन किया। साथ ही देवी के श्रृंगारित स्वरूप का गुणगान करते हुए सभी के कल्याण भाव से आशीर्वचन मांगा। मंदिर परिसर में दोपहर में उपस्थित जनों ने हनुमान चालीसा पाठ कर आरती की। दोपहर में ही श्वेत गंगा कुंड के किनारे विराजित बाबा बम्हनेश्वर नाथ का सभी यजमानों ने अभिषेक पूजन किया। अभिषेक पूजन उपरांत परिजनों व ग्रामीणों ने सवा लाख बाती से महाआरती की। परिसर में मेले का माहौल रहा। बीती रात रनचिरई जामगांव की मीना साहू का पंडवानी कार्यक्रम हुआ। पंचवटी परिवार के डा. संतोष कुमार अग्रवाल के अलावा आयोजन से जुड़े होरीलाल पांडेय, सुखीराम साहू, रामेश्वर पांडेय, खिलावन यादव, पुजारी संतोष दुबे ने मिले प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए सभी को साधुवाद दिया है।