मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना से लोगों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं
उत्तर बस्तर कांकेर, 10 जनवरी 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के जरिए जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इस योजना का उद्देश्य शहरी स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन में नगर पालिका परिषद के विभिन्न वार्डो में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। शिविरों का आयोजन में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सोहेल कुमार द्वारा प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम से अब तक लगभग 01 लाख मरीजों का इलाज किया गया है, इनमें से 85 हजार से अधिक मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गई है। साथ ही 23 हजार से अधिक लोगों की लैब जांच मुफ्त में की गई। उन्होंने बताया कि शिविरों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्स, प्रशिक्षित टेब टेक्नीशियन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना के तहत नागरिकों को 170 प्रकार की दवाइयां एवं 41 प्रकार के टेब जांच निःशुल्क प्रदान की जाती है। इसके अलावा नगर के सफाई मित्रों को भी प्रति माह स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी जाती है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों को उनके घर के पास ही उच्चतम स्वास्थ्य परामर्श और मुक्त चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
