कलेक्टर ने धान खरीदी व संग्रहण केन्द्र का किया निरीक्षण
बलरामपुर, 10 जनवरी 2024। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने धान खरीदी केंद्र पस्ता और तहसील राजपुर के धान खरीदी केन्द्र राजपुर व धान संग्रहण केन्द्र डकवा का निरीक्षण किया। कलेक्टर नेे धान उपार्जन केन्द्र पस्ता, राजपुर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक से अब तक हुए धान खरीदी और उठाव के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने समय पर धान की आद्रता एवं गुणवत्ता की जांच कर खरीदी करने को कहा। उन्होंने प्रभारियों को रोज की धान आवक की स्टेकिंग करने एवं गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि धान उपार्जन केन्द्र से धान का उठाव नियमित रूप से किया जाए। इस दौरान उन्होंने धान बेचने आये किसानों से भी चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री कटारा ने धान संग्रहण हेतु बनाए गए संग्रहण केंद्र डकवा का भी जायजा लिया इस दौरान उन्होंने संग्रहण केन्द्र प्रबंधक से बात कर धान संग्रहण हेतु किये जा रहे व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संग्रहण केन्द्र में संग्रहण शुरू करने के पहले संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। संग्रहण केन्द्र में विद्युत, फेसिंग, डेनेज की समुचित व्यवस्था करने को कहा। कलेक्टर ने धान संग्रहण केन्द्र में सुरक्षा के तहत सभी आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने स्टेकों को ढककर रखने, असामयिक परिस्थितियों में मौसम के दृष्टिगत पानी निकासी हेतु नाली की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन आ रही गाड़ियों को तुरंत खाली करने की व्यवस्था करने व स्टेक प्लान के अनुसार ही भण्डारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजीव जेम्स कुजूर, खाद्य अधिकारी शिवेंद्र कामटे सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
