कलेक्टर ने परसोदा में स्टाप डेम कम रपटा का किया निरीक्षण

पानी के बहाव को रोकने के लिए तत्काल गेट लगाने के दिए निर्देश
बालोद, 09 जनवरी 2025। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम परसोदा पहुँचकर सेमरिया नाला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजागार गारंटी योजना अंतर्गत नवनिर्मित स्टाप डेम कम रपटा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजागार गारंटी योजना के सहायक परियोजना अधिकारी ओमप्रकाश साहू से इस स्टाप डेम कम रपटा से परसोदा गांव को मिलने वाली सिंचाई एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। सहायक परियोजना अधिकारी श्री साहू ने बताया कि इस स्टाप डेम कम रपटा के निर्माण होने से ग्राम परसोदा के लगभग 100 किसानों को सिंचाई हेतु पानी मिल रहा है। इसके अलावा गांव के किसानों को अपने खेतों तक बिना किसी अवरोध के आवागमन की सुविधा मिल रही है। श्री चन्द्रवाल ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों को इस स्टाप डेम कम रपटा में पानी के बहाव को रोकने हेतु तत्काल गेट लगाने के भी निर्देश दिए।