सुशासन सप्ताह, राजस्व शिविर में दिव्यांग दलित राठिया के राजस्व प्रकरण का निराकरण
रायगढ़, 25 दिसम्बर 2024। राज्य शासन के निर्देशानुसार 19 से 24 तारीख तक सुशासन सप्ताह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में जिले में तहसील खरसिया के विभिन्न गांवों में राजस्व शिविर आयोजित किए गए। जिसके तहत 23 तारीख को ग्राम खम्हार में तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों को प्रशासनिक योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। आयोजित राजस्व शिविर में दिव्यांग दलित राम राठिया के वर्षों पुरानी राजस्व प्रकरण का निराकरण किया गया।
राजस्व शिविर में गांव बर्रा निवासी दलित राम राठिया, जो दिव्यांग हैं। कुछ समय पहले ही इनके माता-पिता का देहांत हो गया था एवं वह गांव फरकानारा में स्थित अपनी भूमि में फौती नामांतरण करवाना चाहते थे। जिसके लिए उन्होंने राजस्व शिविर में उपस्थित होकर आवेदन दिया। तहसीलदार ने आवेदन पर तत्काल समस्या का निराकरण करते हुए फौती नामांतरण की प्रक्रिया पूरी की। दलित राम राठिया ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गांवों में राजस्व शिविर लगाए जाने से लोगों को काफी राहत मिली है। जिसके लिए उन्होंने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन की सराहना की।
