सुशासन सप्ताह, कलेक्टर की मौजूदगी में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

 

गरियाबंद 23 दिसम्बर 2024। भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 19 से 24 तारीख तक सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में 24 तारीख तक प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत जिले के गांवो में विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा लगातार राजस्व चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न विभागो के अधिकारी- कर्मचारी गांव – गांव पहुंचकर लोगों को हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सुशासन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने जिले के अधिकारियों को संबोधित करते हुए सुशासन सप्ताह की महत्ता बताई। साथ ही सभी अधिकारियों को सुशासन के महत्व को समझाते हुए समय प्रबंधन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रशासन के सभी अधिकारियो को लोगांे तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को जानने एवं निराकरण की दिशा में कार्य करने को कहा। कार्यशाला में जिले की उपलब्धियों जैसे गौरव गरियाबंद अभियान, डायलिसिस यूनिट एवं लोक संवाद जैसे कार्यक्रमों के बारे में बताया गया। इसके अलावा विजन-2024 के अंतर्गत जिले में गुड प्रेक्टिस एवं अच्छे कार्यो को संकलित करने के बारे में चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को नवाचार की दिशा में कार्य करते हुए जिले को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका अदा करने के निर्देश दिये। कार्यशाला में विभिन्न अधिकारियों ने भी सुशासन सप्ताह के संबंध में अपने विचार प्रकट किये। साथ ही बेहतर कार्य एवं परिणाम के लिए अपने अनुभव साझा किये। इस दौरान बैठक में डीएफओ लक्ष्मण सिंह, अपर कलेक्टर अरविन्द पाण्डेय, एसडीएम, जनपद सीईओ सहित विभाग प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।