सह-आबकारी आयुक्त आबकारी विभाग की संयुक्त बैठक, अंतरराज्यीय सीमाओं में शराब के अवैध परिवहन रोकने व सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिए गए निर्देश
दंतेवाड़ा, 23 दिसंबर 2024। जिला कार्यालय के सभा कक्ष में सचिव सह आबकारी आयुक्त सुश्री आर. संगीता तथा एमडी श्याम धावड़े द्वारा दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर के आबकारी विभागों की संयुक्त बैठक ली गई। जिसमें कलेक्टर संबित मिश्रा, देवेश कुमार ध्रुव, जयंत नाहटा, एसपी गौरव राय एवं तीनों जिले के आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। बैठक में सचिव सह आबकारी आयुक्त ने तीनों जिलों में शासन के दिशा निर्देशनुरूप मदिरा विपणन के संबंध में दिए गए लक्ष्य, राजस्व संग्रहण में प्रगति, अंतरराज्यीय सीमाओं में मदिरा के अवैध परिवहन के रोकथाम करने, शासकीय मदिरा दुकानों में अहाता निर्माण की स्थिति, राजस्व अर्जन की अद्यतन स्थिति, अवैध शराब विक्रय पर रोक लगाने हेतु किए गए प्रयासों, सुरक्षा व्यवस्था जैसे विभिन्न एजेंडे पर विभागों से जानकारी चाही। बैठक में सचिव सह आयुक्त संगीता ने कहा कि शासन के एक साल पूरे हो हो गए है और इन महीनों में लगातार विभाग के कामों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि इस बैठक की मंशा यह भी है कि फील्ड में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर फील्ड पर जो भी कमियां आ रही हों, उनसे अवगत होकर सुधार किया जा सके। बैठक में उन्होंने आगे कहा कि आबकारी एवं पुलिस की टीम आपसी समन्वय के साथ काम करें। मदिरा दुकानों के निकट सुरक्षा और क्षेत्रों में गश्त लगातार होती रहे। इसके अलावा आबकारी विभाग से दुकानों के प्रभारी अधिकारी लगातार निरीक्षण करें और प्रति दिन की बिक्री पर निगरानी रखें। मदिरा दुकानों में दुकानदार लोगों से बेहतर व्यवहार रखें, और इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी की भी लापरवाही से शासन के राजस्व में नुकसान ना हो। अवैध मदिरा के निर्माण और उसकी बिक्री की रोकथाम के लिए नियमित जांच किया जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती अन्य राज्यों से परिवहित मदिरा की आवाजाही पर निगरानी रखें, तथा जिले की सीमा पर बनी जांच चौकियों का भी रोस्टर अनुसार निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नियमित रूप से मदिरा दुकानों के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग कार्य योजना बनाए। चूंकि एक्साइज डिपार्टमेंट राजस्व अर्जित करने वाला शासन का एक महत्वपूर्ण विभाग है शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं यथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडीएस सेवाएं सहित अन्य नवीन जनहित योजनाओं के संचालन में विभाग की बड़ी भूमिका हैं। इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय एवं सतर्कता से तय लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करें। इसके साथ ही बैठक में शामिल अन्य जिलों द्वारा बैठक से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
