केंदूढार में संकुल स्तरीय भाषा उत्सव का आयोजन
महासमुंद 11 दिसंबर 2024/ जिले सरायपाली विकासखंड में राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद्र मांझी एवं बीआरसीसी सतीश स्वरूप पटेल तथा संकुल समन्वयक देवानंद नायक के मार्गदर्शन में संकुल केंद्र केन्दूढार में भाषाओं के माध्यम से एकता और आपसी सौहाद्र बढ़ाने भाषा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भाषा विशेषकर बच्चों के घर की भाषा में सीखने एवं बहुभाषा शिक्षण पर जोर दिया गया। संकुल स्तरीय कार्यक्रम में बच्चे और समुदाय में लोक कला व संस्कृति एवं भाषाई विरासत का परिचय करवाते प्राथमिक शाला केन्दूढार के बच्चों ने लोक नृत्य का प्रदर्शन किया। बच्चों ने स्थानीय रीति रिवाज और परंपराओं पर आधारित वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए नाटिका का भी मंचन किया। वहीं प्राथमिक शाला नवाडीह के बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के अन्तर्गत भारतीय एवं विदेशी वेशभूषा का प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी। प्राथमिक शाला जूनाडीह, बगाईजोर, भिखापाली, कोकड़ी के बच्चों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस संकुल स्तरीय कार्यक्रम में प्रधान पाठक द्वय एम एच उस्मानी और चंदन सिंह रात्रे के साथ सौभाग्य भोई, अनुपमा नायक, प्रदीप सिंह, सत्य कुमार नायक, सलमा खान, चंदराम भास्कर, सुलोचना मांझी, मीरा खंडेल, अंजू साहू, ज्योतिलता साहू, प्रियंका प्रधान, सिल्विया बाघ, रूपेंद्र सिंह जगत, निर्मल कुमार बारीक शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन सुंदर लाल डड़सेना ने किया।
