क्रीड़ा प्रतियोगिता के खिलाड़ियों से मिले विधायक
महासमुंद। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में जारी 68वें राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेने अलग-अलग राज्यों से आए हुए खिलाड़ियों से महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुलाकात की। साथ ही उनके साथ आए कोच, मैनेजर से भी परिचय लेकर चर्चा की। विधायक ने खिलाड़ियों से ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। साथ ही खिलाड़ियों को दिए जा रहे भोजन को स्वयं ग्रहण कर जांच परख की। वहीं खिलाड़ियों से बातचीत कर महासमुंद में आने का अनुभव भी जाना। अलग अलग राज्यों के खिलाड़ियों ने विधायक के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। इस दौरान कुछ राज्य के खिलाड़ी ऐतिहासिक स्थल सिरपुर के भ्रमण के लिए गए, जिन्हें शुभकामनाओं सहित विधायक ने रवाना किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता संदीप दीवान सहित विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित खिलाड़ी व कोच, मैनेजर उपस्थित थे।
