केशकाल घाट मरम्मत, भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
कोण्डागांव, 20 अक्टूबर 2024। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केशकाल घाट के उन्नयन कार्य के दौरान वाहनों के आवागमन हेतु परिवर्तित मार्गों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग राजमार्ग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रं. 30 के किमी 162.600 से किमी 167.000 (केशकाल घाट) उन्नयन अंतर्गत प्रारंभिक स्तर पर डस्ट सफाई, डब्ल्यूएमएम पेंच एवं बीटी पेंच मरम्मत का कार्य किया जाएगा। केशकाल घाट उन्नयन अंतर्गत प्रारंभिक स्तर पर डस्ट सफाई, डब्ल्यूएमएम पेंच एवं बी.टी. पेंच मरम्मत कार्य के दौरान 21 से 27 तक की अवधि के लिए केशकाल घाट में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मरम्मत अवधि में भारी वाहनों को अन्य मार्ग में परिवर्तित करने हेतु निम्नानुसार परिवर्तित मार्ग निर्धारित किया गया है। परिवर्तित मार्ग के अनुसार चार पहिया एवं यात्री बसें केशकाल घाट से होते हुए जाएंगी। जगदलपुर से आने वाले वाहनों के लिए कोण्डागांव, केशकाल, विश्रामपुरी होते हुए मचली, दुधावा, कांकेर, चारामा, धमतरी और रायपुर की ओर जाएंगी। इसी प्रकार दल्लीराजहरा (बालोद) राजनांदगांव जाने वाले वाहनों के लिए कोण्डागांव, बेड़मा, धनोरा, आमाबेड़ा, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, दल्लीराजहरा और राजनांदगांव के लिए जाएंगे । इसी प्रकार रायपुर की ओर से आने वाले वाहन धमतरी से चारामा, कांकेर, दुधावा, मचली, विश्रामपुरी, केशकाल होते हुए कोण्डागांव से जगदलपुर जा सकेंगे।
