निजी अस्पतालों को नए श्रम कानूनों की दी गई जानकारी

कर्मचारियों के अधिकार और नियोजकों के दायित्वों पर कार्यशाला
धमतरी 26 नवंबर 2026/जिले में लागू चार नवीन श्रम संहिताओं के प्रावधानों से निजी अस्पतालों के संचालकों एवं प्रबंधकों को अवगत कराने श्रम विभाग की ओर से कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर बीते दिन कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला में जिले के निजी अस्पतालों के प्रबंधक, चिकित्सक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। श्रम विभाग के अधिकारियों ने नए श्रम कानूनों के प्रावधानों, कर्मचारियों के अधिकारों तथा नियोजकों की जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में बताया गया कि पूर्व में प्रचलित 29 श्रम कानूनों को चार नवीन श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। श्रम संहिता 2019 के प्रावधानों के तहत मजदूरी भुगतान, बोनस, कार्यस्थल पर आवश्यक नियमों के पालन तथा दस्तावेजों के संधारण की जानकारी दी गई। वहीं सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 के अंतर्गत ईएसआईसी, बोनस, ग्रेच्युटी सहित श्रमिकों को मिलने वाले लाभ एवं नियोजकों के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि नई श्रम संहिताओं के तहत नियोजकों को अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तथा आवश्यक रिटर्न ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनानी होगी। कार्यशाला में अस्पताल संचालकों एवं प्रतिनिधियों ने कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं को साझा किया, जिनका अधिकारियों ने समाधान बताया। नए कानूनों से संबंधित विभिन्न शंकाओं का भी निराकरण किया गया।
श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि अस्पतालों एवं संस्थानों में कार्यरत श्रमिक और कर्मचारी शासन की योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पंजीयन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए श्रमिकों को श्रम संसाधन केंद्र अथवा जिला श्रम कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई।
शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना के तहत धमतरी शहर में संचालित मुख्य केंद्र एवं अन्य वितरण केंद्रों में पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की जानकारी भी साझा की गई। अस्पतालों में कार्यरत श्रमिकों तथा पंजीकृत मरीजों के परिजनों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाने की अपील की गई, ताकि जरूरतमंद लोग योजना का लाभ उठा सकें।
कार्यशाला में संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम, क्रिश्चियन अस्पताल के डॉ. एस.के. पटौंदा, गुप्ता अस्पताल के डॉ. सुमित गुप्ता, शिवनंदा अस्पताल के डॉ. विभोर नंदा सहित शहर के विभिन्न अस्पतालों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्रम विभाग की ओर से श्रम पदाधिकारी, श्रम निरीक्षक विजेन्द्र चंद्राकर, कल्याण अधिकारी महेंद्र वर्मा एवं अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.