श्रमिकों का आधार आधारित ई-केवाईसी एवं अभिलेख अद्यतन कार्य जारी, 669 शिविरों में 27,718 आवेदन प्राप्त

दुर्ग, 26 नवंबर 2026/ जिले में पंजीकृत श्रमिकों के अभिलेखों को आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन करने का कार्य लगातार जारी है। श्रम विभाग द्वारा ई-केवाईसी एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया के माध्यम से पात्र श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक लगभग 669 शिविर आयोजित कर 27,718 पंजीकृत श्रमिकों के श्रम पंजीयन कार्ड को आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन करने के आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं।
सहायक श्रमायुक्त से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में 1 लाख 14 हजार 36 श्रमिकों का नया पंजीयन लंबित नहीं है, बल्कि ये सभी पूर्व से पंजीकृत श्रमिक हैं, जिनके पंजीयन अभिलेखों का आधार कार्ड से मिलान एवं आवश्यक अद्यतन किया जा रहा है। शासन द्वारा दोहरे एवं अपात्र पंजीयन रोकने, योजनाओं में पारदर्शिता लाने तथा पात्र श्रमिकों को डीबीटी के माध्यम से लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। पुराने पंजीयन अभिलेखों में नाम की वर्तनी, जन्मतिथि, पता एवं मोबाइल नंबर में अंतर होने के कारण कुछ मामलों में ऑनलाइन सत्यापन में समय लग रहा है। ऐसे प्रकरणों के निराकरण के लिए विभाग द्वारा तकनीकी सहायता एवं संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, लोक सेवा केंद्रों एवं च्वाइस सेंटरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों और नगरीय वार्डों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
श्रम विभाग के अनुसार मंडल गठन से अब तक छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 3 लाख 91 हजार 883 श्रमिकों को 1 अरब 25 करोड़ 75 लाख 59 हजार 147 रुपये तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत 57 हजार 263 श्रमिकों को 53 करोड़ 53 लाख 52 हजार 692 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। वहीं पिछले तीन वर्षों में विभिन्न श्रेणियों के 26 हजार 551 श्रमिकों को 59 करोड़ 19 लाख 43 हजार 750 रुपये से लाभान्वित किया गया है। जिन श्रमिकों के पंजीयन कार्ड अद्यतन हो चुके हैं, उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। शेष श्रमिकों के अभिलेख अद्यतन करने की प्रक्रिया भी जारी है। विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि वे भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और अपने नजदीकी च्वाइस सेंटर (सीएससी) अथवा विभागीय शिविर में आधार कार्ड एवं श्रमिक पंजीयन कार्ड के साथ पहुंचकर आवश्यक संशोधन शीघ्र पूर्ण कराएं, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक शासन की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.