नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की समीक्षा

जिले में 744 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
दुर्ग, 26 नवंबर 2026/ नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आगामी आम एवं उप निर्वाचन की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने जिले में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। वहीं कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि जिले के तीन नगर निगम एवं एक नगर पालिका में आम चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। मतदाता सूची तैयार करने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। दावा-आपत्तियों एवं अपीलों के निराकरण की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है। प्राप्त सभी 6 अपीली प्रकरणों का निराकरण अपीलीय अधिकारी द्वारा कर दिया गया है। मतदाता सूची की पीडीएफ डाउनलोड कर जांच की जा रही है तथा जिन मतदाताओं के फोटो स्पष्ट नहीं थे, उनके फोटो पुनः अपलोड किए जा रहे हैं। प्रिंटिंग के बाद 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि चुनाव के सुचारू संचालन के लिए जिले में कुल 744 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। सभी नगरीय निकायों में नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। इन अधिकारियों का प्रशिक्षण आगामी दो से तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चारों नगरीय निकायों के लिए मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी केंद्रों तथा स्ट्रांग रूम के कक्षों का निर्धारण कर लिया गया है। इन स्थानों पर आवश्यक सिविल कार्य आगामी तीन से चार दिनों में पूर्ण कर लिए जाएंगे।
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर ली गई है तथा वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।
एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस से संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, नगर निगम दुर्ग आयुक्त श्रीमती लीना कोसम, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, अपर कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थॉमस, खेमराज वर्मा एवं संयुक्त कलेक्टर राहुल कुमार रजक सहित निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारी जुड़े थे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.