फुटकर धान क्रेताओं को बेवजह परेशान न करे प्रशासन, नियमों की आड़ में न बने भय का माहौल

जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर ने कहा- ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं फुटकर धान क्रेता, अनियमितता पर हो कार्रवाई, लेकिन निर्दोष व्यापारियों को न किया जाए प्रताड़ित
महासमुंद। धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही फुटकर धान क्रेताओं की जांच और कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ जाती है। इस बीच जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर ने प्रशासन से अपील की है कि नियमों के पालन और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई के नाम पर वैध कारोबार करने वाले फुटकर धान क्रेताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि फुटकर धान क्रेता केवल व्यापारी नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जो स्वयं भी खेती-किसानी करते हैं और किसान होने के साथ ग्रामीण व्यापार की जिम्मेदारी भी निभाते हैं।
चंद्राकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटकर धान क्रेता किसानों को स्थानीय स्तर पर धान बेचने का एक विकल्प उपलब्ध कराते हैं। धान की खरीदी-बिक्री के साथ वे गांवों में आर्थिक गतिविधियों को गति देने और जरूरत के समय आर्थिक लेन-देन को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि फुटकर धान क्रेताओं में अनेक ऐसे व्यापारी हैं, जिनके पास स्वयं की कृषि भूमि है। वे धान की खेती करते हैं और किसानों की समस्याओं तथा कृषि की वास्तविक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे लोगों को केवल व्यापारी मानकर संदेह की नजर से देखना और जांच के नाम पर बार-बार परेशान करना उचित नहीं है।
चंद्राकर ने स्पष्ट कहा कि किसान और फुटकर धान क्रेता एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के पूरक हैं। स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर अनावश्यक दबाव बनाने का असर केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे ग्रामीण बाजार और किसानों की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और नियमों का पालन कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि किसी व्यापारी के खिलाफ अनियमितता के ठोस प्रमाण मिलते हैं तो निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अवश्य की जाए, लेकिन बिना किसी ठोस आधार के सभी फुटकर धान क्रेताओं को संदेह के दायरे में रखकर भयभीत करना, अनावश्यक पूछताछ करना या उनके वैध कारोबार में बाधा डालना बंद होना चाहिए।
चंद्राकर ने मांग की कि फुटकर धान क्रेताओं को सम्मानपूर्वक व्यवसाय करने का अवसर मिले। प्रशासनिक कार्रवाई में संवेदनशीलता बरती जाए, ताकि नियमों के पालन के नाम पर किसी निर्दोष किसान या व्यापारी को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किसान और ग्रामीण व्यापारियों, दोनों का संरक्षण जरूरी है। फुटकर धान क्रेता ग्रामीण व्यवस्था के अभिन्न अंग हैं। उन्हें परेशान करने के बजाय विश्वास में लेकर सहयोगात्मक वातावरण तैयार किया जाना चाहिए।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.