महासमुंद में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अस्पतालों पर प्रशासन का शिकंजा, दो ठिकाने सील

सरायपाली में फर्जी नाम से ‘डॉ. राव’ बनकर कर रहा था गुप्त रोगों का इलाज, उत्तर प्रदेश के युवक की खुली पोल; कोमाखान में बिना लाइसेंस चल रहा था आंचल नर्सिंग होम, बिना डॉक्टर-नर्स के भर्ती मिले ऑपरेशन और नसबंदी के मरीज
महासमुंद। जिले में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे फर्जी चिकित्सकों और अवैध अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सरायपाली में फर्जी नाम और बिना चिकित्सकीय डिग्री के गुप्त रोगों का इलाज करने वाले युवक का भंडाफोड़ हुआ, वहीं कोमाखान में बिना लाइसेंस संचालित आंचल नर्सिंग होम में गंभीर लापरवाही उजागर हुई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग कार्रवाई में दोनों ठिकानों को बंद कर सील कर दिया गया है। एक ओर फर्जी पहचान के सहारे मरीजों का इलाज किया जा रहा था, तो दूसरी ओर अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन और नसबंदी के मरीज भर्ती होने के बावजूद कोई योग्य डॉक्टर या प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ मौजूद नहीं था।
फर्जी नाम से चला रहा था दवाखाना, आधार कार्ड से खुली पोल
सरायपाली के सरसीवा रोड स्थित ग्राम पतेरापाली में ‘डॉ. राव दवाखाना’ के नाम से अवैध क्लिनिक संचालित होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर मिली थी। शिकायत में आरोप था कि यहां प्रत्येक सोमवार सुबह 9 से शाम 6 बजे तक बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के गुप्त रोगों का गारंटीशुदा इलाज किया जा रहा है। शिकायत पर 23 नवंबर को नायब तहसीलदार, नर्सिंग होम एक्ट के सहायक नोडल अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की संयुक्त टीम ने औचक जांच की।
जांच के दौरान क्लिनिक के बाहर ‘डॉ. राव दवाखाना’ का बोर्ड और अंदर बीएएमएस (एएम) की नेमप्लेट मिली। मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से जब डिग्री और पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो उसने आधार कार्ड में अपना नाम जावेद अली, पिता महमूद अली, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) बताया। वह ‘डॉ. राव’ के नाम से क्लिनिक संचालित कर रहा था। वह न तो कोई वैध चिकित्सकीय डिग्री दिखा सका और न ही नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया। इसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार कर दवाखाने को आगामी आदेश तक बंद करा दिया। संचालक को सात दिन के भीतर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर नर्सिंग होम एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
आंचल नर्सिंग होम में बिना डॉक्टर-नर्स के चल रहा था इलाज
इधर कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम में भी जांच के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल को अस्पताल बिना वैध लाइसेंस संचालित होने की जानकारी मिली थी। औचक निरीक्षण में एक मरीज का सिजेरियन ऑपरेशन ( एवंएस सुएस ) किया जाना पाया गया, जबकि एक नसबंदी (ट्यूबेक्टॉमी) की मरीज अस्पताल में भर्ती थी। हैरानी की बात यह थी कि निरीक्षण के दौरान वहां कोई योग्य चिकित्सक और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ मौजूद नहीं था।
दस्तावेजों की जांच में अस्पताल प्रबंधन कोई वैध पंजीयन या लाइसेंस नहीं दिखा सका। प्रबंधन ने अपने बयान में स्वीकार किया कि पिछले आठ माह से बिना दस्तावेज ओपीडी संचालित की जा रही थी और करीब चार माह से मरीजों को भर्ती कर ऑपरेशन एवं उपचार किया जा रहा था। निरीक्षण दल ने जांच प्रतिवेदन सीएमएचओ को सौंपा। संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
बिना डिग्री इलाज और बिना लाइसेंस अस्पताल संचालन पर सख्ती
दोनों मामलों ने जिले में अवैध चिकित्सा गतिविधियों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और पंजीयन के चिकित्सा व्यवसाय अथवा बिना लाइसेंस अस्पताल संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.