सुरक्षा निधि के नाम पर उपभोक्ताओं को थमाए जा रहे भारी-भरकम बिजली बिल : आलोक चंद्राकर
पहले 1200 रुपये का बिल अब 3 से 4 हजार तक पहुंचा, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बिगड़ रहा बजट; 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना फिर लागू करने की मांग
महासमुंद। बिजली कंपनी द्वारा सुरक्षा निधि के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली बिल में अतिरिक्त राशि जोड़कर भेजे जाने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महासचिव एवं छत्तीसगढ़ जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर ने इसे आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने वाला कदम बताते हुए कहा कि पहले से महंगाई और बढ़ते बिजली बिल से परेशान गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को अब सुरक्षा निधि के नाम पर हजारों रुपये के अतिरिक्त भुगतान के लिए मजबूर किया जा रहा है।
आलोक चंद्राकर ने कहा कि सुरक्षा निधि की राशि जोड़कर बिजली बिल भेजे जाने से उपभोक्ताओं को दो से तीन माह के बिल के बराबर भुगतान करना पड़ रहा है। जिन परिवारों का सामान्य बिजली बिल एक हजार से बारह सौ रुपये के बीच आता था, उन्हें इस बार तीन से चार हजार रुपये तक के बिल थमाए जा रहे हैं। अचानक बढ़ी इस राशि ने आम लोगों के घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। दिहाड़ी मजदूरी और सीमित आय पर परिवार चलाने वाले उपभोक्ताओं के लिए इतनी बड़ी रकम एकमुश्त जमा करना बेहद मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि एक ओर बिजली कंपनी बिल जमा नहीं करने पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा निधि के नाम पर अतिरिक्त राशि जोड़कर भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं। ऐसे में गरीब परिवार समय पर बिल जमा नहीं कर पाएंगे तो उनके घरों की बिजली काटने की नौबत आएगी। इससे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और छोटे व्यवसाय तक प्रभावित होंगे। कंपनी और सरकार को उपभोक्ताओं की आर्थिक स्थिति का भी ध्यान रखना चाहिए।
चंद्राकर ने भाजपा की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में लागू 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना बंद कर सरकार ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलने वाली बड़ी राहत छीन ली है। पहले उपभोक्ताओं को आधा बिजली बिल देना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें पूरा बिल चुकाना पड़ रहा है। इसके ऊपर सुरक्षा निधि के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालकर आम आदमी की परेशानी और बढ़ा दी गई है।
उन्होंने सरकार और बिजली कंपनी से मांग की है कि सुरक्षा निधि के नाम पर उपभोक्ताओं को अचानक भारी-भरकम बिल भेजने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। बिजली खपत के अनुरूप पारदर्शी बिलिंग सुनिश्चित की जाए तथा 400 यूनिट तक खपत पर हाफ बिजली बिल योजना दोबारा लागू की जाए, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
