रकबा शून्य कर किसानों को धान बेचने से रोक रही सरकार : विनोद चंद्राकर
बिरकोनी, बड़गांव, कांपा और तुमगांव धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण; बोले- किसानों की अनदेखी भाजपा सरकार के पतन का कारण बनेगी
महासमुंद। धान खरीदी के बीच किसानों के रकबे को शून्य करने और धान के खेतों में दूसरी फसल दर्ज कर उन्हें उपज बेचने से वंचित किए जाने का मुद्दा अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मंगलवार को ग्रामीण सेवा सहकारी समिति बिरकोनी, बड़गांव, कांपा और तुमगांव का निरीक्षण कर किसानों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई समितियों में बड़ी संख्या में किसानों का रकबा शून्य किए जाने और धान के स्थान पर दूसरी फसल दर्ज होने की शिकायतें सामने आने की बात कही।
चंद्राकर ने समिति कर्मचारियों को धान की तौलाई नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान महीनों तक मेहनत कर धान की फसल तैयार करता है, लेकिन उपज बेचने के समय उसे रकबा शून्य होने, दूसरी फसल दर्ज होने और तौलाई में गड़बड़ी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है। यह किसानों के साथ अन्याय है। सरकार को ऐसी समस्याओं का तत्काल निराकरण कर प्रत्येक पात्र किसान का धान बिना किसी बाधा के खरीदना चाहिए।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार निरंकुश और तानाशाही रवैया अपना रही है। किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार आंखें मूंदकर बैठी है। जिस तरह बिल्ली चोरी से दूध पीते समय आंखें बंद कर लेती है और समझती है कि उसे कोई देख नहीं रहा, उसी तरह भाजपा सरकार किसानों की परेशानी से मुंह मोड़ रही है। सरकार आत्ममुग्धता में किसानों की पीड़ा और उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रही है, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार की विदाई का समय निकट आ रहा है।
चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी के दौरान हर साल किसानों को अलग-अलग तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी रकबा शून्य कर दिया जाता है, तो कभी धान के खेत में दूसरी फसल दर्ज कर दी जाती है। इसके चलते किसान अपनी ही मेहनत से पैदा किया धान बेचने के लिए सरकारी दफ्तरों और समितियों के चक्कर काटने मजबूर होता है।
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके हक और अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। साथ ही समिति प्रबंधकों को चेतावनी दी कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत मिलने पर विरोध किया जाएगा। इस दौरान किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू, दिलीप चंद्राकर सहित अन्य कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
