ईशर-गौरा विवाह महोत्सव में शामिल हुए नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू
अयोध्या नगर में आदिवासी समाज ने धूमधाम से मनाया पारंपरिक पर्व, पूजा-अर्चना कर अध्यक्ष ने सामाजिक एकता और समृद्धि की कामना की
महासमुंद। वार्ड क्रमांक 03 अयोध्या नगर में आदिवासी समाज द्वारा आयोजित पारंपरिक ईशर-गौरा विवाह महोत्सव में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए। उन्होंने ईशर राजा एवं माता गौरा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नगर सहित प्रदेश की सुख-समृद्धि और सर्वसमाज में आपसी भाईचारे, एकता एवं सद्भाव की कामना की।
महोत्सव के दौरान पूरे वार्ड में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। पारंपरिक रीति-रिवाजों और वेशभूषा में सजे समाज के लोगों ने आयोजन की सांस्कृतिक छटा बढ़ाई। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। इस अवसर पर आदिवासी समाज की समृद्ध लोक परंपरा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली।
इस दौरान नपा अध्यक्ष साहू ने कहा कि ईशर-गौरा विवाह महोत्सव महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आदिवासी समाज की परंपराएं छत्तीसगढ़ की असली सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि लोक संस्कृति और परंपराओं की जीवंतता बनी रहे। अयोध्या नगर में आदिवासी समाज द्वारा आयोजित इस महोत्सव में सभी समाजों की सहभागिता सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल है। आयोजन समिति ने जिस उत्साह और व्यवस्थित ढंग से महोत्सव का आयोजन किया, वह सराहनीय है।
अंत में उन्होंने सभी वार्डवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए नगर में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
