खेतों में तेज हुई कटाई, 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (0.4159008, 0.59041697);sceneMode: 8;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 45;
15 जनवरी तक चलेगी समर्थन मूल्य पर खरीदी, 182 से बढ़कर 202 हुए केंद्र; तीन टोकन की सीमा और सीमित कार्यदिवस को लेकर किसानों की चिंता, 13 नवंबर को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा भारतीय किसान संघ
महासमुंद। दीपावली और गोवर्धन पूजा के बाद जिले के ग्रामीण अंचलों में खेती-किसानी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। खेतों में कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों की कटाई शुरू हो चुकी है, जबकि लंबी अवधि वाली फसलें भी आने वाले दिनों में पककर तैयार होने लगेंगी। जिन किसानों की फसल कट चुकी है, वे अब धान की मिंजाई, सुखाई और सुरक्षित भंडारण में जुट गए हैं। इसके साथ ही किसानों की निगाहें 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पर टिक गई हैं। दूसरी ओर, खरीदी की समय-सीमा, टोकन की संख्या और सीमित कार्यदिवस को लेकर किसानों की चिंताएं भी सामने आने लगी हैं।
जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जनवरी तक चलेगी। खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और किसान अपनी उपज बेचने के लिए ‘तुंहर टोकन’ ऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से टोकन प्राप्त करने में जुट गए हैं। हालांकि, निर्धारित दो माह की अवधि में जिले के सभी पंजीकृत किसानों की उपज की खरीदी हो पाएगी या नहीं, इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। किसानों का कहना है कि खरीदी अवधि में शनिवार-रविवार के साप्ताहिक अवकाश और विभिन्न त्योहारों की छुट्टियों के कारण वास्तविक कार्यदिवस कम हो जाएंगे। ऐसे में खरीदी की रफ्तार प्रभावित होने पर खासकर देर से पकने वाली धान की फसल वाले किसानों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
पिछले साल 110 लाख क्विंटल की हुई थी खरीदी, इस बार बढ़ने का अनुमान
पिछले खरीफ विपणन वर्ष में जिले में लगभग 110 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। इस बार धान के रकबे और फसल की स्थिति को देखते हुए खरीदी का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में निर्धारित समय-सीमा के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में धान की खरीदी करना प्रशासन और सहकारी समितियों के लिए बड़ी चुनौती होगी। किसानों की मांग है कि खरीदी की गति और व्यवस्था ऐसी हो कि किसी भी किसान की उपज केवल समय-सीमा समाप्त होने के कारण बिक्री से वंचित न रह जाए।
तीन टोकन की सीमा ने बढ़ाई किसानों की चिंता
इस बार धान बिक्री के लिए ‘तुंहर टोकन’ ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से टोकन जारी किए जा रहे हैं। एक किसान के लिए अधिकतम तीन टोकन की व्यवस्था की गई है। इस सीमा को लेकर किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सहकारी समिति संघ के संरक्षक जयप्रकाश साहू ने बताया कि जिले में टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और किसान ऑनलाइन माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टोकन की निर्धारित सीमा को लेकर किसानों में चिंता बनी हुई है। वहीं, धान खरीदी के नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है और 15 नवंबर से खरीदी शुरू कर दी जाएगी। किसानों को दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक धान ले जाने की परेशानी से बचाने के लिए इस बार केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
20 नए केंद्रों से मिलेगी किसानों को राहत
जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या पिछले वर्ष के 182 से बढ़ाकर इस बार 202 कर दी गई है। यानी इस वर्ष 20 नए केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। इससे दूरस्थ गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे गांव या कस्बे तक जाने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है। नए केंद्र शुरू होने से किसानों के परिवहन खर्च और समय में कमी आएगी। साथ ही खरीदी का दबाव अलग-अलग केंद्रों में बंटने से पुराने केंद्रों पर भीड़ कम होगी और खरीदी व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी।
13 नवंबर को प्रदर्शन कर कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
इधर, खरीदी व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने भी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। संघ ने 13 नवंबर को प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। किसान संगठनों की मांग है कि फसल की वास्तविक स्थिति और किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए खरीदी व्यवस्था बनाई जाए। खरीदी की अवधि, टोकन की सीमा और अवकाश के दिनों को देखते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जिले के सभी पंजीकृत किसानों को अपनी पूरी उपज बेचने का पर्याप्त अवसर मिल सके। अब देखना होगा कि खरीदी शुरू होने के साथ प्रशासन इन चिंताओं का किस तरह समाधान करता है।
