लाफिनकला में सात वर्षों से कायम है सामूहिक दीपावली मनाने की परंपरा
गोवर्धन पूजा पर सुआ और राऊत नृत्य ने बांधा समां, युवाओं की पहल से गांव में दिखी एकता और सांस्कृतिक समरसता की अनूठी मिसाल
महासमुंद। दीपावली का पर्व ग्राम लाफिनकला में इस वर्ष भी हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। गांव में युवाओं की पहल पर पिछले सात वर्षों से समस्त ग्रामवासी एकजुट होकर सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं। इस अनूठी परंपरा में पूजा-अर्चना के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में सुआ और राऊत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उत्सव को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैप्टन ओ.के. तिवारी थे, जबकि अध्यक्षता पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार आनंदराम पत्रकारश्री ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद प्रतिनिधि योगेश्वर चन्द्राकर, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक अरुण कुमार बंसोर, सेवानिवृत्त प्राचार्य दुलार सिंह ध्रुव, सहायक अनुभाग अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के प्रवक्ता लोकेश्वर साहू तथा सेवानिवृत्त दफ्तरी लखनलाल साहू उपस्थित रहे।
आयोजन में यादव समाज के युवाओं ने पारंपरिक राऊत नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं ईशर गौरा महिला संगठन की महिलाओं और बालिकाओं ने आकर्षक सुआ नृत्य की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया। दोनों प्रस्तुतियों पर ग्रामीणों ने जमकर उत्साहवर्धन किया। प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा नगद राशि देकर पुरस्कृत भी किया गया। इसके साथ ही आतिशबाजी ने दीपावली के उल्लास को और बढ़ा दिया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत की वास्तविक संस्कृति गांवों में बसती है। त्योहारों को सामूहिक रूप से मनाने से आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और समरसता मजबूत होती है। लाफिनकला के युवाओं ने सात वर्षों से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसी पहल दूसरे गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।
कार्यक्रम के आयोजन एवं संयोजन में शिक्षक महेन्द्र कुमार पटेल, गोवर्धन प्रसाद साहू, रामजी साहू सहित ग्राम समिति और मंदिर समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर केतन साहू, रामकुमार साहू, नेतन पटेल, हेमूराम साहू, जगदीश प्रसाद साहू, कमलेश साहू, हरिराम साहू, तोष कुमार साहू, नरोत्तम पटेल, नाथूराम साहू, नीलकमल साहू, रामू साहू, भेखलाल साहू, पवन साहू, तुलस पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
