जुए के फड़ पर पिथौरा पुलिस का छापा, नौ जुआरी गिरफ्तार

गौरा-गौरी चौक के पास खुले मैदान में चल रहा था जुए का खेल, 8 हजार नकद और चार मोबाइल समेत 28 हजार की संपत्ति जब्त
महासमुंद। दीपावली पर्व के दौरान जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पिथौरा पुलिस ने जुए के एक फड़ पर दबिश देकर नौ जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी खुले मैदान में ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 8 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल और 52 पत्ती ताश का एक सेट जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 28 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिथौरा के वार्ड नंबर-5 स्थित गौरा-गौरी चौक, रामसागरपारा के पास खुले मैदान में जुए का फड़ संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी के चलते सभी नौ आरोपी पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में चमन चौहान (24), त्रिलोचन दीवान (27), रामनाथ चौहान (54), मुकेश चौहान (23), सुमीत प्रजापति (29), उत्तम पांडे (28), फागुराम सेन (29), नीरज ताण्डी (28) और शशिकांत उर्फ बुटू (37) शामिल हैं। सभी आरोपी पिथौरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 8 हजार रुपये नकद, करीब 20 हजार रुपये कीमत के चार मोबाइल तथा 52 पत्ती ताश का एक सेट जब्त किया है। मामले में थाना पिथौरा में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जुआ-सट्टा जैसी गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्योहार के दौरान जिले में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।

इन्हें भी पढ़े