धमतरी के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की पहल, 400 विद्यार्थियों ने दी निःशुल्क छात्रवृत्ति परीक्षा

पीआईवीओटी एआई प्रशिक्षण केंद्र में मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा 80 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति का लाभ, प्रशिक्षण शुल्क में अधिकतम 3 हजार रुपये की छूट
धमतरी, 05 नवंबर 2026/ युवाओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल कौशल और भविष्य की रोजगारपरक संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में धमतरी जिले के विद्यार्थियों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इस पहल के तहत नगर पालिक निगम धमतरी के सहयोग से संचालित पीआईवीओटी एआई प्रशिक्षण केंद्र में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें जिले के 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगर पालिक निगम आयुक्त को किफायती दरों पर अधिकाधिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में नगर निगम द्वारा रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित कर सहकार्य स्थल (को-वर्किंग स्पेस) की शुरुआत की गई। इसी व्यवस्था के अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए पीआईवीओटी प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया।
घड़ी चौक स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के तृतीय तल पर संचालित पीआईवीओटी एआई प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित परीक्षा चार अलग-अलग पालियों में संपन्न हुई, ताकि विद्यार्थियों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित ढंग से परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके। विद्यार्थियों ने इस पहल में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण कर वहां उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं एवं गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित आधुनिक तकनीकी कौशलों का प्रशिक्षण देने की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिकाधिक विद्यार्थियों को इस सुविधा से जोड़ने के संबंध में सुझाव दिए। साथ ही इस दिशा में नगर निगम की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
पीआईवीओटी एआई प्रशिक्षण केंद्र के संस्थापक अभिषेक भट्टाचार्य ने बताया कि छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर उन्हें प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के शुल्क में अधिकतम 80 प्रतिशत तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को अधिकतम 3 हजार रुपये तक की शुल्क छूट मिलेगी। इससे आर्थिक रूप से सामान्य पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को भी आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, तकनीकी शिक्षा तक उनकी पहुंच बढ़ाना तथा उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप नए कौशल विकसित कर सकेंगे और भविष्य में रोजगार, स्वरोजगार, व्यवसाय तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, संचार, व्यापार और प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही नई तकनीकों की जानकारी एवं उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है। तकनीकी दक्षता के साथ रचनात्मक सोच, समस्या समाधान और नवाचार की क्षमता विकसित करना भी युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम की इस पहल से धमतरी के युवाओं को अपने ही जिले में आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध हो रहा है। यह प्रयास युवाओं में डिजिटल दक्षता विकसित करने, तकनीकी शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने तथा उन्हें बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इन्हें भी पढ़े