निर्माण की धूल से परेशान लोगों को नगर पालिका ने दी राहत, गौरव पथ पर शुरू कराया पानी का छिड़काव
पीडब्ल्यूडी करा रहा बीटीआई रोड और तुमगांव रोड का निर्माण, धूल से परेशान राहगीरों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर की थी शिकायत
महासमुंद। शहर के गौरव पथ बीटीआई रोड और तुमगांव रोड एकता चौक पर निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के रहवासियों को अब राहत मिलने लगी है। नागरिकों की लगातार शिकायतों और परेशानी को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने पहल करते हुए दोनों मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव शुरू करा दिया है।
दरअसल, इन दोनों मार्गों पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर उड़ रही धूल से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। वहीं आसपास के दुकानदारों और रहवासियों को भी धूल के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को लेकर नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर लगातार शिकायतें भी दर्ज कराई जा रही थीं।
नागरिकों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने संबंधित अधिकारियों को दोनों मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका ने स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव शुरू करा दिया।
अध्यक्ष साहू ने कहा कि नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। निर्माण कार्य भले ही किसी दूसरे विभाग द्वारा कराया जा रहा हो, लेकिन उससे आम लोगों को परेशानी हो रही है तो उसका समाधान करना नगर पालिका की जिम्मेदारी और प्राथमिकता है। गौरव पथ का निर्माण पीडब्ल्यूडी करा रहा है, इसके बावजूद नागरिकों को राहत देने के लिए नगर पालिका ने अपने स्तर पर व्यवस्था की है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग से भी निर्माण कार्य के दौरान धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई, ताकि निर्माण कार्य के चलते आम नागरिकों को आवागमन और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
