सेवानिवृत्त सात शासकीय सेवकों को कलेक्टर ने किया सम्मानित
शॉल-श्रीफल एवं पीपीओ-जीपीओ प्रमाण पत्र प्रदान कर स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की दी शुभकामनाएं
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 31 अक्टूबर 2026/कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आज कलेक्टरेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में अधिवर्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले सात शासकीय सेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया तथा शॉल, श्रीफल एवं पीपीओ-जीपीओ प्रमाण पत्र प्रदान किए। कलेक्टर ने सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को जीवन की नई पारी के लिए बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने सेवाकाल के अनुभवों का लाभ समाज एवं परिवार को देने तथा संयमित दिनचर्या अपनाते हुए सक्रिय जीवन व्यतीत करने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में स्वास्थ्य विभाग गौरेला की आरएचओ श्रीमती सुशीला रजक, लोक निर्माण विभाग गौरेला के स्थल सहायक बद्री प्रसाद शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गौरेला अंतर्गत प्रधान पाठक शंखराम राठौर एवं गोपाल प्रसाद कौशिक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निमधा के व्याख्याता लखनलाल राजवाड़े, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारीपारा के व्याख्याता जमुना प्रसाद केंवर्त तथा कन्या विद्यालय मरवाही की प्राचार्य श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिला कोषालय अधिकारी धनेंद्र सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
