मौसम ने बदली करवट, सुबह-शाम बढ़ी गुलाबी ठंड

दिन में तेज धूप, रात में ठंडी हवा का असर; ग्रामीण इलाकों में धुंध की हल्की चादर, मॉर्निंग वॉक पर लौटे लोग
महासमुंद। बारिश की विदाई के साथ ही मौसम ने अब करवट बदलनी शुरू कर दी है। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में जिले में गुलाबी ठंड का अहसास धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। सुबह के समय ग्रामीण और खुले इलाकों में कोहरे की घनी चादर दिखाई देने लगी है, जो बदलते मौसम का साफ संकेत दे रही है।
दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर अभी बरकरार है, लेकिन सुबह और रात की ठंडक ने सर्दी के आगमन का एहसास करा दिया है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में नमी, ठंडी हवा और धुंध के कारण सुबह के समय शहर की तुलना में ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। खेतों और खुले इलाकों में सुबह की ठंडी हवा ने मौसम को सुहाना बना दिया है।
सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा
रात के तापमान में गिरावट का असर अब लोगों की दिनचर्या में भी नजर आने लगा है। सुबह जल्दी कामकाज के लिए निकलने वाले लोग हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। सुबह की सैर करने वालों के बीच भी ठंडक का असर महसूस किया जा रहा है। बरसात के दौरान उमस और गर्मी से परेशान लोगों को मौसम का बदला मिजाज राहत दे रहा है।
हालांकि दोपहर में धूप तेज होने के कारण गर्मी का एहसास बना हुआ है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव से सुबह और शाम ठंडक, जबकि दोपहर में गर्मी का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।
30 से 32 डिग्री के आसपास रह सकता है दिन का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर की शुरुआत की तुलना में न्यूनतम तापमान में गिरावट का रुख बना हुआ है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में धूप और गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंडक और बढ़ सकती है।
मॉर्निंग वॉक पर लौटे लोग, पार्क और मैदानों में बढ़ी चहल-पहल
मौसम में बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बारिश के दौरान मॉर्निंग वॉक और खुले में व्यायाम करने वालों की संख्या काफी कम हो गई थी। अब मौसम साफ होने और सुबह की ठंडक बढ़ने के साथ लोग फिर से सुबह की सैर और कसरत के लिए घरों से निकलने लगे हैं।
शहर के मिनी स्टेडियम, फॉरेस्ट ग्राउंड, विभिन्न पार्कों, बीटीआई परिसर और सड़कों पर सुबह के समय मॉर्निंग वॉक करने वालों के साथ युवाओं को व्यायाम और कसरत करते देखा जा रहा है। सुबह की ठंडी हवा और खुशनुमा मौसम ने शहर की सुबह की चहल-पहल भी बढ़ा दी है।

इन्हें भी पढ़े