बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला युवक लापता
महासमुंद। बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला 24 वर्षीय युवक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान युवक के अपहरण की आशंका सामने आने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी रमेश यादव की पत्नी चंद्रिका यादव, निवासी गुड़रूडीह तुमगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 24 वर्षीय पुत्र मेघलाल यादव 20 जुलाई की रात करीब 10 बजे घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
मामले में पहले गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान युवक को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर ले जाने की संभावना सामने आने पर तुमगांव पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस युवक की तलाश के साथ ही उसके लापता होने के कारणों और संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।
