बड़े नाले के निर्माण में बाधा से भड़के वार्डवासी, पालिका अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
भलेसर रोड वार्ड-29 में बदबू और जलभराव से परेशानी, निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग
महासमुंद। नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 29 भलेसर रोड में प्रस्तावित बड़े नाले के निर्माण कार्य में कथित बाधा को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नाली की बदबू और जलभराव की समस्या से परेशान नागरिकों ने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू को ज्ञापन सौंपा।
वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में सुचारू जल निकासी के लिए बड़े नाले का निर्माण बेहद जरूरी है। इससे लंबे समय से चली आ रही जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। निर्माण कार्य के लिए अग्रवाल समाज के भवन एवं आरएसएस समरसता भवन प्रबंधन ने जनहित में सहयोग करते हुए करीब 10 फीट की बाउंड्रीवॉल स्वयं हटाकर भूमि नगर पालिका को उपलब्ध कराई है।
निर्माण में बाधा का लगाया आरोप
ज्ञापन में वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि गौरव चंद्राकर एवं उनके भाइयों द्वारा नाली निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न की जा रही है। इसके चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण में आ रही बाधा दूर कराने की मांग की है।
‘जनहित के काम में बाधा उचित नहीं’
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि जनहित और नगरहित से जुड़े विकास कार्यों में सभी को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अग्रवाल समाज और आरएसएस समरसता भवन द्वारा नाला निर्माण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराने को सराहनीय पहल बताया। अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी भूमि को लेकर विवाद या अतिक्रमण का मामला है तो उसका निराकरण नियमानुसार होना चाहिए, लेकिन जनहित के विकास कार्य को बाधित करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की ओर से पूर्व में भी क्षेत्र में कब्जे के प्रयासों को लेकर शिकायतें की गई थीं। अध्यक्ष के अनुसार, नगर पालिका के मोहर्रिर पर भी कथित रूप से दबाव डालकर विवादित भूमि का टैक्स अपने नाम काटने की बात कही गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाला निर्माण जैसे आवश्यक जनहित के कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
